दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है. प्रधानमंत्री ने रविवार को हुए इस हादसे को बेहद दुखद और पीड़ादायक बताया तथा मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत का गिरना दुखद है. उन्होंने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. पीएम मोदी ने कहा कि हादसे के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद की जा रही है. वहीं उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सत्य निकेतन में इमारत गिरने की दुखद घटना से वह बेहद दुखी हैं. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली में इमारत गिरने से बहुमूल्य जानों का नुकसान बेहद पीड़ादायक है. इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान जारी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. साथ ही उन्होंने सभी प्रभावित लोगों की सुरक्षा और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की. केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर के निकट सत्य निकेतन में निजी इमारत गिरने की खबर से वह गहरे दुखी हैं. उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात की, जो स्वयं राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रही हैं. मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि बचाव और राहत के सभी आवश्यक कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं. उन्होंने मलबे में फंसे लोगों की सुरक्षित निकासी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. सत्य निकेतन मार्केट में हुए इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. दिल्ली पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार हुई इमारत करीब 40 से 50 वर्ष पुरानी थी. इमारत में एक बेसमेंट और पांच ऊपरी मंजिलें थीं तथा इसका उपयोग पेइंग गेस्ट (पीजी) के रूप में किया जा रहा था. घटना के समय बेसमेंट में मरम्मत का कार्य चल रहा था. राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है.