तृणमूल कांग्रेस से बगावत कर एनसीपीआइ का दामन थामने वाले सांसदों की सदस्यता को लेकर सुप्रीम कोर्ट में मामला चल रहा है और विवाद अभी जारी है. इसी बीच एनसीपीआइ ने मंगलवार को अपनी नयी समिति का गठन कर सदस्यों की सूची जारी की. समिति के अध्यक्ष पद पर ज्योतिप्रकाश चट्टोपाध्याय को रखा गया है. इसमें सांसद देव और रचना बनर्जी समेत कई अन्य सांसदों को भी जिम्मेदारी दी गई है. हालांकि नई समिति में डॉ. काकोली घोष दस्तीदार और सुदीप बनर्जी को कोई पद नहीं दिया गया है. एनसीपीआइ सांसदों की सदस्यता को लेकर जारी कानूनी प्रक्रिया के बीच पार्टी की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को नोटिस का जवाब देने के लिए लगातार समय मांगा जा रहा है. सुदीप बनर्जी समेत संबंधित सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र भेजकर जवाब देने के लिए चार सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा है. एनसीपीआइ के सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग को लेकर लोकसभा अध्यक्ष, महासचिव और 20 सांसदों को पक्षकार बनाकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गयी थी. इसी मामले के आधार पर नोटिस जारी किया गया था. इसके बाद अब पार्टी ने नई समिति का गठन किया है. मंगलवार को घोषित 27 सदस्यीय समिति में उपाध्यक्ष पद पर अबू ताहेर, देव, यूसुफ पठान, रचना बनर्जी को शामिल किया गया है. मिताली बाग और बापी हालदार को महासचिव की जिम्मेदारी दी गयी है.

शीर्ष समाचार