पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी मंगलवार शाम को कालीघाट के पटुआपाड़ा पहुंचे और वहां के मूर्तिकारों तथा स्थानीय कारोबारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने न केवल कलाकारों को आर्थिक सहायता दी, बल्कि इलाके में सुरक्षा के नाम पर लगाए जाने वाले बैरिकेड और गार्डरेल को लेकर पुलिस प्रशासन को भी सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अपनी सैलरी से 80 मूर्तिकारों को 7-7 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का रुख केवल कलाकारों की समस्याएं सुनने तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने बिना नाम लिए तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। मंगलवार शाम मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हरीश चटर्जी स्ट्रीट और कालीघाट रोड स्थित पटुआपाड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने मूर्तिकारों और स्थानीय व्यापारियों से बातचीत की। कलाकारों ने उन्हें अपनी परेशानियों और आर्थिक नुकसान के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित कलाकारों की मदद के लिए अपनी मुख्यमंत्री के रूप में मिलने वाली सैलरी से 80 मूर्तिकारों को 7-7 हजार रुपये दिए। इस तरह कुल 5 लाख 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की गई। उन्होंने कलाकारों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और उनके रोजगार को प्रभावित होने से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। मूर्तिकारों ने मुख्यमंत्री को बताया कि कालीघाट इलाके में सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर लंबे समय से सड़कों पर बैरिकेड और गार्डरेल लगाए जाते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर त्योहारों के दौरान पड़ता है। प्रतिमाएं तैयार होने के बावजूद कलाकार उन्हें ग्राहकों तक नहीं पहुंचा पाते। रास्तों पर आवाजाही बाधित होने के कारण प्रतिमाओं की बिक्री प्रभावित होती है और कई बार तैयार मूर्तियां खराब भी हो जाती हैं। कलाकारों का कहना है कि इस समस्या के चलते उन्हें और उनके परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। मुख्यमंत्री ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर किसी की आजीविका बाधित नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा नहीं होने देने के लिए पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कालीघाट थाने के ओसी, भवानीपुर थाने के ओसी और डीसी साउथ को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि जगद्धात्री पूजा, कार्तिक पूजा और सरस्वती पूजा के दौरान मूर्तिकारों को प्रतिमाओं की बिक्री और आवाजाही में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि सुरक्षा के नाम पर बैरिकेड लगाकर किसी भी मूर्तिकार को नहीं रोका जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने वीआईपी संस्कृति पर भी सवाल उठाते हुए चेतावनी दी कि आम लोगों और कलाकारों की परेशानी की कीमत पर किसी को विशेष सुविधा नहीं दी जा सकती। पटुआपाड़ा में कलाकारों के बीच खड़े होकर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये मूर्तिकार बेहद साधारण परिवारों से आते हैं। एक समय इन्हीं लोगों ने ममता बनर्जी को आशीर्वाद देकर सत्ता तक पहुंचाने में भूमिका निभाई थी, लेकिन बाद में उन्हें ही समस्याओं का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री ने कलाकारों को भरोसा दिलाया कि उनके आंसू बेकार नहीं जाएंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अब किसी कलाकार को इस तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि कल से किसी मूर्तिकार को शिकायत होती है, तो तत्काल कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। कालीघाट का यह दौरा एक ओर जहां स्थानीय मूर्तिकारों को आर्थिक राहत देने की पहल रहा, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने इसके जरिए सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी संस्कृति और पिछली सरकार के कामकाज को लेकर भी राजनीतिक संदेश दिया।