दुबई में शाहरुख खान के नाम पर 55-स्तरीय कमर्शियल टावर

दुबई में एक व्यावसायिक इमारत को शाहरुख खान का नाम दिया गया है। बालीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने शनिवार को इस पर आभार व्यक्त किया। इस कमर्शियल टावर के 2029 तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके प्रवेश द्वार पर शाह रुख की एक प्रतिमा होगी, जिसमें वह अपने खास अंदाज में नजर आएंगे। शाहरुख ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि वह बेहद खुश हैं कि उनका नाम शहर के परिदृश्य का एक अभिन्न अंग बन गया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ”दुबई में एक लैंडमार्क का नाम मेरे नाम पर रखना और हमेशा के लिए शहर के परिदृश्य का अभिन्न अंग बन जाना बेहद विनम्र और दिल को छू लेने वाला है। दुबई हमेशा से मेरे लिए खास जगह रहा है। एक ऐसा शहर जो सपनों, महत्वाकांक्षाओं और संभावनाओं का जश्न मनाता है।” उन्होंने कहा, ”शाहरुखज बाय डेन्यूब, कमर्शियल टावर इस बात का प्रतीक है कि विश्वास और कड़ी मेहनत आपको कितनी दूर तक ले जा सकती है। मैं इससे जुड़कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं, यह एक ऐसा ब्रांड है जो आकांक्षा और उत्कृष्टता की इसी भावना को प्रतिबिम्बित करता है। शाहरुख आगामी फिल्म किंग में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स द्वारा किया जा रहा है। यह 2026 में रिलीज होने वाली है और इसमें दीपिका पादुकोण और सुहाना खान भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *