भारतीय मूल के प्रख्यात ब्रिटिश अर्थशास्त्री और हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य लॉर्ड मेघनाद देसाई का निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे। लंदन में उनके परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उन्हें गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। माना जा रहा है कि वहीं उनका निधन हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में जन्मे ब्रिटिश सांसद और अर्थशास्त्री को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने भारत-ब्रिटेन संबंधों को प्रगाढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “श्री मेघनाद देसाई जी के निधन से दुखी हूं। वे हमेशा भारत और भारतीय संस्कृति से जुड़े रहे। वे एक प्रतिष्ठित बुद्धिजीवी, लेखक और अर्थशास्त्री थे।” मेघनाद जगदीश चंद्र देसाई का जन्म 1940 में वडोदरा के एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। उन्होंने मात्र चौदह वर्ष की आयु में मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की और रामनारायण रुइया कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग से इसी विषय में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की। उन्हें 1960 में पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय में अध्ययन के लिए छात्रवृत्ति मिली, जहाँ से उन्होंने तीन साल बाद अर्थशास्त्र में पीएचडी पूरी की। मेघनाद देसाई ब्रिटिश लेबर पार्टी के सक्रिय सदस्य बने और 1986 से 1992 तक इसके अध्यक्ष रहे। 1991 में, वे लेबर पार्टी के सदस्य के रूप में हाउस ऑफ लॉर्ड्स के लिए चुने गए। 2008 में, उन्हें भारत के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। विकास में निजी क्षेत्र, राज्य की भूमिका और मार्क्सवादी अर्थशास्त्र सहित विभिन्न विषयों पर मेघनाद देसाई के शोध ने लोगों को आर्थिक बुनियादी ढाँचे में सुधार और विकास करने में मदद की है। उन्होंने भारतीय आर्थिक सुधारों पर कई शोध पत्र भी लिखे हैं और वैश्वीकरण और आर्थिक उदारीकरण के प्रभाव का अध्ययन किया है।
Meghnad Desai Passes Away : प्रख्यात अर्थशास्त्री मेघनाद देसाई का निधन
