विदेश मंत्रालय ने शनिवार रात भारतीय नागरिकों को राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी के खिलाफ हुए सैन्य अभियान के बाद वेनेजुएला की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी। इसने वेनेजुएला में रहने वाले सभी भारतीयों से बहुत सावधानी बरतने और अपनी गतिविधियों को सीमित करने का भी आग्रह किया। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वेनेजुएला में हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की दृढ़ता से सलाह दी जाती है। साथ ही, जो लोग पहले से ही वेनेजुएला में हैं, उन्हें बहुत सावधानी बरतने, अपनी गतिविधियों को सीमित करने और काराकस में भारतीय दूतावास के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने के लिए कहा गया है। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, “हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को वेनेजुएला की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की दृढ़ता से सलाह दी जाती है। किसी भी कारण से वेनेजुएला में रहने वाले सभी भारतीयों को बहुत सावधानी बरतने, अपनी गतिविधियों को सीमित करने और काराकस में भारतीय दूतावास के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने की सलाह दी जाती है।” विदेश मंत्रालय ने वेनेजुएला में भारतीयों से दूतावास से +58-412-9584288 (व्हाट्सएप कॉल के लिए भी उपलब्ध) और ईमेल आईडी cons.caracas@mea.gov.in पर संपर्क करने को कहा है। काराकस स्थित दूतावास के अनुसार वेनेजुएला में करीब 50 अनिवासी भारतीय और 30 भारतीय मूल के लोग हैं। अमेरिका ने शनिवार को दक्षिण अमेरिकी राजधानी काराकस में सैन्य अभियान शुरू किया। इसने राष्ट्रपति मादुरो पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया है। तेल समृद्ध देश के राष्ट्रपति ने आरोपों से दृढ़ता से इनकार किया है। हालांकि शनिवार को ट्रंप के सैनिक मादुरो और उनकी पत्नी को अमेरिका ले गए। अमेरिका के इस कदम के बाद वेनेजुएला ने आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी। अमेरिका के इस कदम से दक्षिण अमेरिकी देश में राजनीतिक अनिश्चितता पैदा हो गई है। रूस और चीन समेत कई प्रमुख शक्तियों ने मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लेने के लिए वाशिंगटन की निंदा की है US अधिकारियों के मुताबिक, मादुरो को न्यूयॉर्क लाया गया है, जहाँ उन पर ड्रग कार्टेल को कथित तौर पर सपोर्ट करने के आरोप लगेंगे। फर्स्ट लेडी को पकड़ने के बाद, ट्रंप ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि “जब तक सत्ता का ट्रांसफर नहीं हो जाता, तब तक अमेरिका वेनेजुएला पर राज करेगा। हम देश पर तब तक राज करेंगे जब तक सुरक्षित, निष्पक्ष और सही ट्रांसफर नहीं हो जाता। यह बहुत सफल रेड उन सभी के लिए चेतावनी होगी जो अमेरिकी संप्रभुता को खतरा पहुँचाते हैं या अमेरिकी जान को खतरे में डालते हैं।”
भारत ने वेनेजुएला में अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी