यूट्यूबर ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने देर रात हिरासत से छोड़ दिया है. दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक अगर ध्रुव प्रोटेस्ट में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जाएंगे तो पुलिस उनके खिलाफ एक्शन ले सकती है. ध्रुव 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट में शामिल होने के लिए आए थे. प्रोटेस्ट से पहले दिल्ली पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया था. ध्रुव राठी उन लोगों में शामिल हैं जिन्हें 10 अक्टूबर को प्रोटेस्ट से पहले हिरासत में लिया गया था. उन्हें जंतर-मंतर पर आने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस की मदद से उनके घर से हिरासत में लिया था. ध्रुव इससे पहले बेंगलुरु में सीजेपी के प्रोटेस्ट में नजर आए थे. बेंगलुरु प्रोटेस्ट में उनके साथ एक्टर प्रकाश राज और सीजेपी नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका भी थे. प्रोटेस्ट से एक दिन पहले ध्रुव राठी ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था. जिसमें उनके पीछे इंडिया गेट नजर आ रहा था. इस वीडियो में उन्होंने लोगों से आंदोलन में शामिल होने के लिए कहा था. ध्रुव का ये वीडियो देखकर सभी को पता चल गया था कि वो दिल्ली आ चुके हैं. ध्रुव राठी के अलावा सीजेपी नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था. उन्हें प्लेन से ही हिरासत में ले लिया था. सीजेपी नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस मजिस्ट्रेट के सामने पेश करेगी. हिरासत में लिए जाने के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करके बताया था कि इस प्रोटेस्ट को अब अजिंक्य शिंदे लीड करेंगे. बता दें ये प्रोटेस्ट मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग में किया जा रहा है. एसआईआर विवाद मामला सामने आने के बाद से देश के कई हिस्सों में प्रोटेस्ट किया जा रहा है.