अगर आप ताजमहल, लाल किला या कुतुब मीनार जैसे ऐतिहासिक स्मारकों को देखने की योजना बना रहे हैं, तो 19 नवंबर का दिन आपके लिए खास है। आज देशभर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के संरक्षण वाले स्मारकों में पर्यटकों को मुफ्त प्रवेश मिलेगा। यानी अब इन ऐतिहासिक धरोहरों को देखने के लिए टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी। दरअसल, हर साल 19 से 25 नवंबर तक विश्व विरासत सप्ताह (World Heritage Week) मनाया जाता है। इसी अवसर पर संस्कृति मंत्रालय की ओर से देशभर के ASI संरक्षित स्मारकों में 19 नवंबर को प्रवेश शुल्क माफ करने का फैसला लिया गया है। PIB Culture ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए इसकी जानकारी साझा की है। साथ ही लोगों से देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने की अपील की गई है। ASI के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, फिलहाल टिकट से छूट केवल 19 नवंबर के लिए दी गई है। इसका मतलब है कि यह सुविधा पूरे विश्व विरासत सप्ताह के दौरान नहीं, बल्कि आज के दिन ही लागू रहेगी। ऐसे में ऐतिहासिक स्मारकों को देखने के इच्छुक लोगों के पास बिना प्रवेश शुल्क के इन जगहों की सैर करने का अच्छा मौका है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण देशभर में 3,800 से अधिक स्मारकों और ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण और देखरेख करता है। इनमें 143 ऐसे स्मारक हैं, जहां पर्यटकों को प्रवेश के लिए टिकट खरीदना पड़ता है। इन प्रमुख स्थलों में आगरा का ताजमहल, दिल्ली का लाल किला और कुतुब मीनार जैसे विश्व प्रसिद्ध स्मारक शामिल हैं। 19 नवंबर को इन टिकट वाले स्मारकों में भी पर्यटक बिना प्रवेश शुल्क के घूम सकेंगे। विश्व विरासत सप्ताह का उद्देश्य लोगों को देश की ऐतिहासिक धरोहरों, स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करना है। मुफ्त प्रवेश की इस पहल से न सिर्फ पर्यटकों को राहत मिलेगी, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को भारत के गौरवशाली इतिहास को करीब से देखने और समझने का अवसर भी मिलेगा।

शीर्ष समाचार