खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा स्थगित

मौसम खराब होने के कारण अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू के यात्री निवास से गुरुवार को जत्था नहीं जाएगा। अब श्रद्धालु मौसम अनुकूल होने पर यहां से रवाना होंगे। इससे पहले 15 जत्थों को सफलता पूर्वक प्रशासन की ओर से रवाना किया गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, पहलगाम और बालटाल दोनों बेस शिविरों से श्री अमरनाथजी यात्रा आज के लिए स्थगित कर दी गई है। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण, रास्तों पर तत्काल मरम्मत और रखरखाव कार्य किए जाने की आवश्यकता है।  इसलिए, यह निर्णय लिया गया है कि आज दोनों बेस शिविरों से पवित्र गुफा की ओर किसी भी प्रकार की आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, पिछली रात पंचतरणी शिविर में रुके यात्रियों को सीमा सड़क संगठन (BRO) और पर्वतीय बचाव दलों की पर्याप्त तैनाती के तहत बालटाल की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है।  कश्मीर के संभागीय आयुक्त विजय कुमार बिधूड़ी ने कहा कि, “दिन के दौरान मौसम की स्थिति के आधार पर यात्रा कल फिर से शुरू होने की पूरी संभावना है। DIPR कश्मीर के अनुसार, श्री अमरनाथजी यात्रा 2025 के दौरान अब तक 2.47 लाख से अधिक तीर्थयात्री पवित्र गुफा में दर्शन कर चुके हैं।  अमरनाथ यात्रा के दौरान बुधवार शाम को बारिश के चलते बालटाल मार्ग पर एक दुखद घटना घटी। रेलपथरी के पास जेड मोड़ पर भूस्खलन की चपेट में आने से एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। 55 वर्षीय सोना बाई राजस्थान की रहने वाली थीं। हादसे में करीब नौ यात्री घायल हुए हैं। एक लापता है जिसकी तलाश जारी है। घायलों को बालटाल बेस कैंप में बने अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमरनाथ यात्रा मार्गों पर बुधवार को भी पूर्व की तरह श्रद्धालुओं का आना जाना लगा हुआ था। बारिश के बावजूद भक्तों में उत्साह था। इसी दौरान रेलपथरी के पास जेड मोड़ पर भारी बारिश के चलते पहाड़ी से बड़ी चट्टानें यात्रा मार्ग पर आ गिरीं। इसकी चपेट में श्रद्धालु आ गए। सोना बाई को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई। घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *