जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन से पहले अभिजीत दीपके को दिल्ली पहुंचते ही हिरासत में ले लिया गया है. वे करीब सुबह 10:30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्हें बाहर निकलने से पहले ही डिटेन कर लिया गया. इसके अलावा CJP प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रंका को भी हिरासत में लिया गया है. CJP के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस सख्ती बरत रही है. यूट्यूबर ध्रुव राठी को पहले ही हिरासत में ले लिया है. चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP बड़े स्तर पर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाली है. इसको देखते हुए सरकार ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. दिल्ली आने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. कई बड़ी ट्रेनों के रूट में बदलाव किए गए हैं. 45 मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है. इसके अलावा हजारों की संख्या में सुरक्षाकर्मियों को दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है. कॉकरोच जनता पार्टी की लीगल टीम की प्रमुख रत्ना सिंह का भी हिरासत में ले लिया गया है. इस पर उन्होंने कहा, ‘मुझे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, हिरासत में लेने का कारण नहीं बताया गया है.’ CJP के प्रदर्शन को लेकर पूरी राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. इससे पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों और प्रक्रियागत आवश्यकताओं का हवाला देते हुए इस प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था.पुलिस ने एहतियातन हिरासत की कार्रवाई तेज कर दी है और प्रदर्शनकारियों को प्रदर्शनस्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए रणनीतिक स्थानों पर जवानों को तैनात किया है.अब तक पुलिस नई दिल्ली इलाके में अलग-अलग जगहों से लगभग 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले चुकी है.
