आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) को लेकर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। इस बार कोलकाता में योग दिवस बेहद खास और भव्य होने जा रहा है। आगामी 20 जून की शाम से ही कोलकाता के बाबूघाट समेत गंगा के विभिन्न तटों पर एक शानदार ‘योग कार्निवल’ और ‘मेगा ड्रोन शो’ का आयोजन किया जाएगा। 20 जून की शाम को (Millennium Park), बेलूर, दक्षिणेश्वर और बाबूघाट जैसे प्रमुख गंगा तटों पर इस कार्निवल की धूम रहेगी। ड्रोन शो के साथ-साथ यहाँ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए जाएंगे। इस भव्य आयोजन में राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, माननीय राज्यपाल और मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा खेल जगत के करीब 1,000 प्रतिनिधियों और देश-विदेश के कई मेहमानों को भी इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है। योग दिवस के मुख्य अवसर पर यानी 21 जून को कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड (Red Road) पर एक मेगा इवेंट आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 30,000 लोग एक साथ योग अभ्यास करेंगे।

रेड रोड पर योग कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल इस प्रकार है:

समय कार्यक्रम की रूपरेखा

सुबह 05:00 बजे तक सभी प्रतिभागियों की रिपोर्टिंग और प्रवेश

सुबह 06:00 से 06:30 बजे योग का पूर्वाभ्यास (वॉर्म-अप सेशन)

सुबह 06:30 से 07:00 बजे प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन

सुबह 07:00 बजे से आयुष मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार मुख्य योगाभ्यास

नोट: मुख्य योगाभ्यास का यह सत्र कुल 45 मिनट तक चलेगा।

नावों पर भी होगा योग, पूरे राज्य में दिखेगा उत्साह

इस साल योग दिवस का रोमांच केवल मैदानों तक ही सीमित नहीं रहेगा। इस बार गंगा नदी में तैरती नावों (Boats) के ऊपर भी योग मुद्राएं प्रदर्शित की जाएंगी, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगी। कोलकाता के अलावा पश्चिम बंगाल के तमाम अन्य जिलों और हिस्सों में भी बड़े स्तर पर योग दिवस मनाने की पूरी तैयारी कर ली गई है।

19 जून (शुक्रवार): ‘रन फॉर योगा’ मैराथन से होगी शुरुआत

तीन दिवसीय इस उत्सव की शुरुआत शुक्रवार (19 जून) को राज्यव्यापी विशेष मैराथन के साथ होगी, जिसे ‘रन फॉर योगा’ नाम दिया गया है।

कोलकाता का रूट: कोलकाता में इस मैराथन का मुख्य केंद्र कोलकाता नगर निगम (KMC) भवन का आस-पास का इलाका होगा। यह दौड़ निगम के सामने से शुरू होकर महाकरण (राइटर्स बिल्डिंग्स) पर समाप्त होगी।

समय: मैराथन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी सुबह 06:30 बजे इकट्ठा होंगे और ठीक सुबह 07:00 बजे दौड़ की शुरुआत होगी।

 कोलकाता के इस मुख्य रूट के अलावा शहर के 11 अन्य महत्वपूर्ण स्थानों और राज्य के विभिन्न जिलों में भी एक साथ इस मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भारी पंजीकरण पर खुशी जताते हुए सभी से स्वास्थ्य नियमों का पालन करने की अपील की है।

20 जून (शनिवार): ‘पश्चिम बंगाल दिवस’ पर गंगा में ‘वंदे योगम’ कार्निवल

कार्यक्रम के दूसरे दिन यानी 20 जून को ‘पश्चिम बंगाल दिवस’ के अवसर पर राज्य सरकार ने गंगा नदी की लहरों पर एक अनोखे और आधुनिक तकनीक से लैस कार्यक्रम की योजना बनाई है। शनिवार शाम 05:30 बजे गंगा वक्ष पर एक विशेष योग अभ्यास कार्निवल आयोजित होगा, जिसे ‘वंदे योगम’ नाम दिया गया है। नवान्न सूत्रों के मुताबिक, आधुनिक तकनीक और लेजर शो के जरिए गंगा के दोनों तटों पर एक अलौकिक और आध्यात्मिक माहौल तैयार किया जाएगा।

21 जून (रविवार): रेड रोड पर मुख्य मंच, खुद आ रहे हैं पीएम मोदी

21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह का गवाह कोलकाता का ऐतिहासिक रेड रोड (Red Road) बनेगा। इस कार्यक्रम में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपस्थित रहेंगे और आम जनता के साथ योगाभ्यास करेंगे। मंच पर उनके साथ मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

रेड रोड का मुख्य शेड्यूल:

सुबह 06:15 बजे: आम जनता और गणमान्य अतिथियों का आगमन और जमावड़ा।

सुबह 06:45 बजे: प्रधानमंत्री की मौजूदगी में मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम की शुरुआत।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शहरवासियों को संबोधित करते हुए कहा, “हम माननीय प्रधानमंत्री का स्वागत इस ऐतिहासिक ‘तिलोत्तमा’ (कोलकाता) में स्वच्छ भारत के तहत पूरी तरह से स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल माहौल में करना चाहते हैं। इसलिए मेरा आप सभी से विनम्र अनुरोध है कि योग दिवस से पहले अपने-अपने इलाकों को साफ-सुथरा बनाने के अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।”