पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में करारी हार के बाद ममता बनर्जी ने बीजेपी के खिलाफ सभी विपक्षी दलों को एक मंच पर आने का न्योता दिया। रवींद्र जयंती के अवसर पर कालीघाट स्थित अपने आवास से उन्होंने लेफ्ट, अल्ट्रा-लेफ्ट और राष्ट्रीय दलों से एकजुट होने की अपील की। ममता बनर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि बीजेपी को रोकने के लिए सभी विपक्षी ताकतों को साथ आना होगा। उन्होंने कहा, “यह समय यह सोचने का नहीं है कि मैं कौन हूं और आप कौन हैं।” उन्होंने विपक्षी दलों को राज्य और केंद्र दोनों स्तर पर मिलकर लड़ाई लड़ने का संदेश दिया। 2026 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटों के साथ बड़ी जीत दर्ज की। वहीं तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटों पर संतोष करना पड़ा। कांग्रेस को 2, CPI(M) को 1 और अन्य दलों को सीमित सफलता मिली। ममता बनर्जी  ने नई बीजेपी सरकार पर टीएमसी कार्यकर्ताओं को डराने और राज्य में हिंसा फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उनके और अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर भी हंगामा किया गया और लोगों को परेशान किया गया। CPI(M) नेता मोहम्मद सलीम ने ममता बनर्जी के बयान पर तंज कसा। वहीं वरिष्ठ नेता सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि बीजेपी को हराना जरूरी है, लेकिन ममता बनर्जी की राजनीतिक विश्वसनीयता पर सवाल बने हुए हैं।