अफगानिस्तान एक बार फिर भूकंप से हिल गया। अफगानिस्तान के सबसे बड़े शहरों में से एक मजार-ए-शरीफ के पास सोमवार सुबह भूकंप आया। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.3 रही। भूकंप के बाद अब तक 7 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही 150 लोग घायल हुए हैं। हालांकि, हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। प्रारंभिक तौर पर पता चला है कि भूकंप का केंद्र बल्ख प्रांत की राजधानी मजार-ए-शरीफ और खुल्म शहर के पास था। भूकंप की गहराई करीब 28 किलोमीटर थी। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने कहा कि इस भूकंप के परिणामस्वरूप सैकड़ों लोगों के मारे जाने की आशंका है। इसके साथ ही व्यापक नुकसान की आशंका है। अफगानिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने कहा कि रविवार देर रात (स्थानीय समयानुसार लगभग 1 बजे) देश के कई हिस्सों में तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता इतनी ज़्यादा थी कि अफ़ग़ानिस्तान के अलावा पड़ोसी देश ताजिकिस्तान, उज़्बेकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान भी हिल गए। हाजी ज़ायद ने बताया कि भूकंप से मज़ार-ए-शरीफ़ शहर की प्रसिद्ध ब्लू मस्जिद को भारी नुकसान पहुँचा है। एक मीडिया रिपोर्ट में मस्जिद के बाहर मलबा बिखरा हुआ दिखाया गया है। यूएसजीएस ने अपनी स्वचालित चेतावनी प्रणाली पेजर सिस्टम (PAGER) पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
अफ़ग़ानिस्तान में एक और शक्तिशाली भूकंप, 7 लोगों की मौत, 150 घायल