नीले ड्रम से फिर शव बरामद। इस बार एक युवती का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है। युवती के दोस्त पर उसके हाथ-पैर बांधकर पानी में डुबोकर मारने का आरोप लगा है। मध्य प्रदेश में हुई इस घटना में युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसी साल मार्च में उत्तर प्रदेश के मेरठ में नौसेना अधिकारी सौरभ राजपूत का शव नीले ड्रम से बरामद हुआ था। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना से देशवासी स्तब्ध रह गए थे। उनकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी पर उनके शव के टुकड़े करने का आरोप लगा था। मुस्कान ने कथित तौर पर अपने प्रेमी की मदद से अपने पति की हत्या कर दी थी। इसके बाद राजस्थान के अलवर जिले में भी इसी तरह एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। लगभग ऐसी ही घटना मध्य प्रदेश के देवास जिले में हुई थी। वहां लक्षिता चौधरी का शव नीले ड्रम से बरामद हुआ था। पुलिस ने बताया कि 22 वर्षीय लक्षिता की पिछले सोमवार को हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को वैशाली एवेन्यू स्थित एक घर के नीले ड्रम से युवती का शव बरामद किया गया। उसने गरबा नृत्य की पोशाक पहनी हुई थी। इसके साथ ही उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। युवती की हत्या के मामले में उसके ‘दोस्त’ मनोज चौहान उर्फ मनु को गिरफ्तार किया गया है। लक्षिता के किसी अन्य युवक से संबंध हो गए थे। कथित तौर पर इसी वजह से मनु ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस का दावा है कि मनु ने थाने में आत्मसमर्पण कर अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मालूम हो कि लक्षिता पिछले सोमवार को घर से निकली थी। जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच, मनु के घर से दुर्गंध आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर छानबीन की। लक्षिता का शव उसी घर में एक नीले रंग के ड्रम से बरामद हुआ। पुलिस ने यह भी बताया कि ड्रम को चादर से ढका गया था।
Madhya Pradesh : युवती का सड़ा-गला शव फिर नीले ड्रम से बरामद