संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले शुक्रवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में दोपहर 1 बजे केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होगी। वहीं, कांग्रेस ने भी शाम 4:30 बजे संसदीय समिति की बैठक बुलाई है। इन दोनों बैठकों में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है। सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इन विधेयकों को फिर से पेश कर सकती है। कांग्रेस ने शुक्रवार शाम 4:30 बजे संसदीय समिति की बैठक बुलाई है। इसमें INDIA ब्लॉक के नेता भी शामिल होंगे। बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों को लेकर विपक्ष की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक इस सप्ताह की दूसरी बैठक होगी। संसद के विशेष सत्र से पहले सरकार की इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस बीच तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी DMK ने परिसीमन बिल को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है। पार्टी का कहना है कि अगर लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा करीब 7.2 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रहती है, तो वह परिसीमन बिल का समर्थन कर सकती है।परिसीमन के मुद्दे पर दक्षिण भारतीय राज्यों की हिस्सेदारी को लेकर राजनीतिक बहस जारी है। ऐसे में DMK का यह बयान प्रस्तावित विधेयकों को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कैबिनेट बैठक और संसद के विशेष सत्र की तैयारियों के चलते NDA के कई मंत्रियों और सांसदों ने अपनी यात्राएं रद्द कर दी हैं। कुछ मंत्रियों ने दिल्ली पहुंचने के लिए जल्दबाजी में फ्लाइट्स भी बुक की हैं।सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को फिर से पेश कर सकती है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है।इस विशेष सत्र में प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं होगा। लोकसभा और राज्यसभा सचिवालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस दौरान जरूरी सरकारी कामकाज पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। प्रस्तावित विधेयकों के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की तैयारी है। सरकार का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार करना है।सरकार इस व्यवस्था को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करना चाहती है। इसके लिए परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों को अहम माना जा रहा है।