पश्चिम बंगाल के सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में अब बंगाली फिल्मों को प्राथमिकता देनी होगी। राज्य में बंगाली सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में बंगाली फिल्मों का प्रदर्शन अनिवार्य करने का निर्देश दिया है। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने बंगाली फिल्मों के प्रदर्शन के लिए समय भी निर्धारित कर दिया है। निर्देश के मुताबिक, सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे के बीच बंगाली फिल्मों के शो रखने होंगे। इससे दर्शकों को सुविधाजनक समय पर अपनी भाषा की फिल्में देखने का मौका मिलेगा। मंगलवार को नवान्न सभागार में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के सिनेमा हॉल मालिकों के साथ बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, इसी बैठक में उन्होंने बंगाली फिल्मों के प्रदर्शन को लेकर यह निर्देश दिया। लंबे समय से राज्य के सिनेमाघरों में बंगाली फिल्मों को मिलने वाले शो और उनके समय को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। मुख्यमंत्री ने इस बैठक में खास तौर पर इस बात पर जोर दिया कि बंगाली फिल्मों का प्रदर्शन ऐसे समय में हो, जब दर्शक आसानी से सिनेमाघरों तक पहुंच सकें। सरकार के इस निर्देश के बाद राज्य के सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स में बंगाली फिल्मों के प्रदर्शन को लेकर नई व्यवस्था लागू होने की संभावना है।
