भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में आर्थिक सुधारों, औद्योगिक निवेश और आधुनिक बुनियादी ढांचे को अहम भूमिका दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि विकसित भारत का सपना मजबूत नीतिगत बदलावों और प्रमुख क्षेत्रों में निवेश के जरिए साकार होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के अध्यक्ष आर. मुकुंदन के लेख का उल्लेख करते हुए देश की विकास यात्रा और भविष्य की रणनीति को सामने रखा। प्रधानमंत्री कार्यालय की पोस्ट में कहा गया कि भारत की आर्थिक क्षमता को दीर्घकालिक समृद्धि में बदलने के लिए सरकार और निजी उद्योगों को एक साथ काम करना होगा। इस साझेदारी को ‘टीम भारत’ के रूप में आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया है। लेख में बुनियादी ढांचे के विकास, जीएसटी सुधार, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, कॉर्पोरेट टैक्स में बदलाव, उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजनाओं (PLI) और व्यापार समझौतों को आर्थिक मजबूती के महत्वपूर्ण आधार बताया गया है। CII अध्यक्ष आर. मुकुंदन ने अपने लेख में कल्पना की है कि स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने पर अगस्त 2047 में भारत किस स्थिति में होगा। उनके अनुसार, विकसित भारत का स्वरूप ऐसा होना चाहिए जहां देश उच्च आय वाली अर्थव्यवस्था बन चुका हो और विनिर्माण क्षेत्र का कुल उत्पादन में योगदान बढ़कर 25 प्रतिशत तक पहुंच जाए। इसके साथ ही औपचारिक रोजगार के अवसर बढ़ाने, महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी मजबूत करने और भारतीय कंपनियों को सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा तथा फार्मास्यूटिकल्स जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में वैश्विक नेतृत्व दिलाने की जरूरत बताई गई है। लेख में भारत की वर्तमान आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए बताया गया कि वर्ष 2025 में प्रति व्यक्ति सकल राष्ट्रीय आय (GNI) लगभग 2,760 डॉलर थी। वहीं, विनिर्माण क्षेत्र का सकल मूल्य वर्धन (GVA) में हिस्सा करीब 15 प्रतिशत और अनुसंधान एवं विकास (R&D) पर खर्च GDP का 0.84 प्रतिशत रहा। इन आंकड़ों के आधार पर भारत को विनिर्माण क्षमता बढ़ाने, तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करने और शोध गतिविधियों में अधिक निवेश करने की आवश्यकता बताई गई है। लेख के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में स्मार्टफोन भारत का सबसे बड़ा निर्यात उत्पाद बनकर उभरे। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भी विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाए गए और इससे संबंधित 12 परियोजनाओं को मंजूरी मिली। इसके अलावा, देश की गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा क्षमता 300 गीगावाट से अधिक हो गई। अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान घोषित 26.6 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं में निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी 86 प्रतिशत बताई गई है। यह आंकड़ा निवेश में निजी कंपनियों की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। लेख में जीएसटी व्यवस्था में बदलाव, डिजिटल सार्वजनिक सुविधाओं, बुनियादी ढांचे में सरकारी निवेश और PLI योजनाओं को भारत की आर्थिक वृद्धि का प्रमुख आधार बताया गया है। इन पहलों के सहयोग से देश की विकास दर करीब 8 प्रतिशत के स्तर पर बनी रहने का उल्लेख किया गया है। 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए लेख में छह प्रमुख स्तंभों पर आधारित रणनीति का उल्लेख है। कंपनियों को मांग बढ़ने से पहले उत्पादन क्षमता तैयार करने, घरेलू अनुसंधान एवं विकास को मजबूत बनाने और आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में काम करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही केवल कारोबार आसान बनाने तक सीमित न रहकर राज्यों में प्रशासनिक और नीतिगत सुधारों की गति तेज करने पर जोर दिया गया है। भारत को विकसित अर्थव्यवस्था बनाने के लिए उद्योगों, सरकार, निवेशकों और युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण मानी गई है।
