बिहार के आरा में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक विवाह समारोह के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने तीन युवकों को गोली मार दी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव में मंगलवार रात की बताई जा रही है। गोलीबारी में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के मुताबिक, राहुल कुमार की रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए उसके दोस्त बीबीगंज चकिया गांव पहुंचे थे। इसी दौरान हथियारों से लैस कुछ लोग वहां पहुंचे और तीन युवकों को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से शादी समारोह में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गोली लगने के बाद राहुल कुमार, दीपक कुमार और सोनू कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही राहुल और दीपक ने दम तोड़ दिया। वहीं सोनू कुमार का सदर अस्पताल में इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार राहुल को दो और दीपक को चार गोलियां लगी थीं। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज निवासी राहुल कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई है। राहुल की उम्र 20 वर्ष, जबकि दीपक की उम्र 21 वर्ष बताई गई है। घायल युवक सोनू कुमार दौलतपुर गांव का रहने वाला है और उसकी उम्र 18 वर्ष है। मृतकों के दोस्त विक्की कुमार ने गौसगंज निवासी डेमन यादव और उसके भतीजे आशीष यादव पर गोलीबारी का आरोप लगाया है। हालांकि, वारदात के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस को पूर्व विवाद से जुड़े होने का शक है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों से जानकारी ली। सदर एसडीपीओ वन सुशील कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष संजीव कुमार और नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की भूमिका के साथ-साथ गोलीबारी की वजह का पता लगाया जा रहा है।
