प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में मुलाकात करेंगे। दोनों नेता क्वाड देशों की अहम बैठक में शामिल होंगे। करीब दो साल बाद क्वाड के चारों देशों के नेता एक साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख शामिल होंगे। वहीं, ट्रम्प के फिलीपींस दौरे को लेकर मनीला में विरोध प्रदर्शन भी शुरू हो गए हैं। क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इस समूह का मुख्य उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा, स्थिरता और आपसी सहयोग को मजबूत करना है।मंगलवार को होने वाली बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के अलावा ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची भी शामिल होंगी।यह बैठक हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलते भू-राजनीतिक हालात और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। क्वाड देशों के चारों नेता इससे पहले सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में मिले थे। उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बैठक की अध्यक्षता की थी।बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला और सुरक्षित बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई थी। इसके साथ ही समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया था।अब करीब दो साल बाद मनीला में चारों देशों के नेता फिर एक साथ बैठक करने जा रहे हैं। इस बार की बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा के साथ समुद्री व्यापार मार्गों, महत्वपूर्ण खनिजों की सप्लाई चेन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों के बीच समुद्री रास्तों को सुरक्षित बनाए रखना भी अहम मुद्दा हो सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के फिलीपींस दौरे का विरोध भी शुरू हो गया है। मनीला में कई प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरकर अमेरिकी नीतियों और ट्रम्प की यात्रा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। क्वाड बैठक भारत के लिए हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ भारत की साझेदारी से समुद्री सुरक्षा, व्यापारिक संपर्क और महत्वपूर्ण तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।मनीला में होने वाली इस बैठक पर इसलिए भी नजरें टिकी हैं, क्योंकि इसके बाद ट्रम्प की चीन यात्रा और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ प्रस्तावित बातचीत भी अंतरराष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से अहम रहने वाली है।
