पश्चिम बंगाल में 2020 के बहुचर्चित जेपी नड्डा काफिले पर हमला मामले में पुलिस ने एक और गिरफ्तारी की है। मोगराहाट पश्चिम के तृणमूल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष इमरान हसन को गिरफ्तार किया गया है। इस गिरफ्तारी के बाद मामले में अब तक पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार शाम उस्ती थाना पुलिस ने देउला रेलवे स्टेशन के पास से इमरान हसन को गिरफ्तार किया। पुलिस 10 दिसंबर 2020 को भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हुए हमले की जांच कर रही है। इसी सिलसिले में इमरान हसन को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस इमरान हसन से मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर सकती है। गुरुवार को उन्हें डायमंड हार्बर अदालत में पेश किया जाएगा। जांचकर्ताओं का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है। इमरान हसन की गिरफ्तारी के बाद दक्षिण 24 परगना के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। करीब छह साल पुराने इस मामले में तृणमूल युवा कांग्रेस के स्थानीय नेता की गिरफ्तारी को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
