दुर्गा पूजा (Durga Puja) का त्योहार हर किसी के लिए खुशियां लेकर आता है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण कई जरूरतमंद परिवारों के लिए नए कपड़े खरीदना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे ही लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में एक अनोखी पहल शुरू की गई है। सोदपुर के एचबी टाउनशिप (HB Township) में बीजेपी कार्यकर्ताओं और स्थानीय आयोजकों की ओर से दो दिवसीय अस्थाई ‘नमो शॉपिंग मॉल’ (Namo Shopping Mall) की शुरुआत की गई है। इस मॉल में आर्थिक रूप से कमजोर लोग मात्र 10 रुपये का भुगतान कर दुर्गा पूजा के नए कपड़े खरीद सकते हैं। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने औपचारिक रूप से इस मॉल का उद्घाटन किया। ‘अबकी बार पूजा, सबकी पूजा’ के संदेश के साथ आयोजित यह पहल 8 और 9 अक्टूबर को दो दिनों के लिए संचालित हो रही है। इस पहल के पीछे स्थानीय आयोजक बिक्रम बणिक, अमित दास, सुमन मुखर्जी और शुभंकर गुहा की मुख्य भूमिका है। आयोजकों ने बताया कि यह कोई व्यावसायिक या स्थाई शॉपिंग मॉल नहीं है, बल्कि ‘सेवा भाव’ के तहत की गई एक अस्थाई व्यवस्था है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जो लोग बड़े-बड़े मॉल में जाकर महंगे कपड़े नहीं खरीद सकते, वे भी मात्र 10 रुपये में नया कपड़ा खरीदने का स्वाभिमान और आनंद महसूस कर सकें। आयोजकों के मुताबिक, बीते 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर इस ‘नमो शॉपिंग मॉल’ के बैनर का उद्घाटन किया गया था। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर इस पहल की काफी चर्चा हो रही थी। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार के हाथों उद्घाटन होने के बाद से ही यहां बड़ी संख्या में लोग नए कपड़े खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि आम लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े होना और सेवा करना ही इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा पर नए कपड़े खरीदना बंगाली संस्कृति और उत्सव का अभिन्न अंग है। समाज के कमजोर वर्ग के लोग भी इस खुशी में समान रूप से शामिल हो सकें, इसके लिए उन्होंने आयोजकों की सराहना की। इस दौरान सुकांत मजूमदार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राजनीतिक व प्रशासनिक कार्यकाल और केंद्र सरकार द्वारा गरीबी उन्मूलन के लिए किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया।
