पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बोलपुर में रविवार शाम भाजपा के एक स्थानीय नेता की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय चंदन बल्ला के रूप में हुई है। वह बोलपुर नगरपालिका के 11 नंबर वार्ड के 202 नंबर बूथ के भाजपा अध्यक्ष थे। परिजनों के अनुसार, रविवार शाम किसी व्यक्ति ने फोन कर चंदन को जमीन दिखाने के लिए बुलाया था। इसके बाद वह बाइक से घर से निकला। आरोप है कि त्रिशूलापट्टी-मिलपट्टी इलाके में दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर बेहद करीब से सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। गंभीर हालत में चंदन को बोलपुर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार के मुताबिक, चंदन बल्ला भाजपा संगठन से जुड़े होने के साथ जमीन की खरीद-बिक्री का काम भी करते थे। उनकी पत्नी श्यामोली बल्ला ने बताया कि रविवार शाम उन्हें फोन आया था। फोन करने वाले ने कथित तौर पर जमीन दिखाने के लिए बुलाया था। इसके बाद चंदन अपनी बाइक लेकर घर से निकल गया। आरोप है कि बोलपुर के 12 नंबर वार्ड के मिलपट्टी यानी त्रिशूलापट्टी इलाके में दो नकाबपोश युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। हमलावरों ने नजदीक से उनके सिर में गोली मारी और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल चंदन को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने वारदात के बाद बाइक से संकरी गलियों का रास्ता पकड़ा। चंदन की मौत के बाद परिवार ने हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका जताई है। उनके बेटे शुभ्रकांति बल्ला का दावा है कि उनके पिता की किसी के साथ व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी और भाजपा में उनकी सक्रियता के कारण उन्हें निशाना बनाया गया। चंदन के बड़े भाई गौर चंद्र बल्ला ने भी घटना की गहराई से जांच की मांग की है। परिवार ने रविवार सुबह घर पर नानूर इलाके से कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं के आने का भी जिक्र किया और मामले में किसी परिचित या करीबी की भूमिका की आशंका से इनकार नहीं किया। हालांकि, इन आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस राजनीतिक रंजिश के साथ-साथ जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े विवाद और अन्य व्यक्तिगत विवादों को भी जांच के दायरे में रख रही है। बोलपुर भाजपा नेता सुमित मंडल ने चंदन को लंबे समय से पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता और बूथ अध्यक्ष के रूप में याद करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे कौन है, इसका पता निष्पक्ष पुलिस जांच से ही चलेगा। हत्या की जांच के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि हमलावर किस दिशा से आए थे और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए। पुलिस चंदन के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। खास तौर पर उस आखिरी फोन कॉल की जांच की जा रही है, जिसके बाद वह घर से बाहर निकले थे। इससे उन्हें बुलाने वाले व्यक्ति की पहचान और हत्या की साजिश से जुड़े संभावित सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिलने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। दुर्गा पूजा से ठीक पहले बोलपुर में हुई इस हत्या के बाद पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी और गश्त बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस हत्यारों की पहचान और हत्या के पीछे के कारण का पता लगाने में जुटी है।