अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी गुरुवार सुबह अपनी पत्नी के साथ कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर मां काली का आशीर्वाद लिया। गौतम अदाणी बुधवार को ही कोलकाता पहुंचे थे और उनके दौरे को लेकर शहर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम निर्धारित हैं। गौतम अदाणी के कोलकाता दौरे का प्रमुख कार्यक्रम न्यू टाउन में प्रस्तावित ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’ से जुड़ा है। यहां 2,000 बेड की क्षमता वाले अस्पताल की आधारशिला रखने का कार्यक्रम है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। गौतम अदाणी और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के बीच आज मुलाकात प्रस्तावित है। इस बैठक में पश्चिम बंगाल में निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। राज्य सरकार की ओर से नए निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए बड़े उद्योग समूहों से संपर्क किए जाने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री से प्रस्तावित मुलाकात से पहले गौतम अदाणी के राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करने की भी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में राज्य में निवेश से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर बातचीत हो सकती है। अदाणी समूह की बंगाल में अस्पताल परियोजना के अलावा कुमोरटुली घाट से जुड़े काम और ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग के नवीनीकरण को लेकर भी चर्चा है। हालांकि, राइटर्स बिल्डिंग के नवीनीकरण को लेकर किसी औपचारिक घोषणा की पुष्टि अभी नहीं हुई है। गौतम अदाणी का कोलकाता दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब राज्य सरकार बंगाल में नए औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है। सरकार की ओर से निवेश के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने को भी प्राथमिकता दिए जाने की बात कही गई है। अदाणी समूह की प्रस्तावित परियोजनाओं के बीच उनकी मुख्यमंत्री से होने वाली मुलाकात पर भी नजर रहेगी।