मेघालय के ईस्ट जैंतिया हिल्स जिले के मेनसिंगट-थांगस्को इलाके में एक गैर-कानूनी कोयला खदान में बड़ा धमाका हुआ है। डायनामाइट धमाके में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है। कई लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। उन्हें बचाने की कोशिशें जारी हैं। गुरुवार देर रात खराब विजिबिलिटी और खतरनाक हालात की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया था। शुक्रवार सुबह उजाला होते ही रेस्क्यू ऑपरेशन फिर से शुरू हुआ। जिला प्रशासन ने कहा कि अधिकारियों ने धमाके की वजह और खदान को कौन चलाता था, यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। मरने वालों में से नौ असम के कछार जिले के कटिगोरा इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मरने वालों की पहचान फारूक अहमद (बिहार इलाका), दिलदार हुसैन और अनवर हुसैन (सरिशाकुरी), निमन उद्दीन (25) (राजपुर) के तौर पर हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।
मेघालय में कोयला खदान में विस्फोट से मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हुई, बचाव अभियान जारी